CM मान का बड़ा ऐलान! मोहाली से खाटू श्याम, हरिद्वार और ऋषिकेश के लिए शुरू होंगी नई बस सेवाएं, 1 अगस्त से मिलेगा लाभ

मोहाली: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्रद्धालुओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा है कि 1 अगस्त से मोहाली से खाटू श्याम, सालासर धाम, ऋषिकेश और हरिद्वार के लिए नई बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य उन लोगों को भी धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर देना है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से यात्रा नहीं कर पाते।

1 अगस्त से शुरू होगी नई बस सेवा

मोहाली के सेक्टर-79 स्थित दशहरा ग्राउंड में आयोजित “एक शाम भगवान शिव के नाम” भक्ति संध्या कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की धार्मिक यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं को विभिन्न प्रमुख तीर्थस्थलों तक पहुंचाने के लिए लगातार सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं।

खाटू श्याम से हरिद्वार तक मिलेगी सीधी सुविधा

मुख्यमंत्री के अनुसार, नई बस सेवाएं मोहाली से राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर धाम के अलावा उत्तराखंड के ऋषिकेश और हरिद्वार के लिए संचालित की जाएंगी। उनका कहना था कि इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा करने में सुविधा मिलेगी।

बुजुर्गों की तीर्थ यात्रा को बताया सबसे बड़ा पुण्य

भगवंत मान ने कहा कि बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा करवाने से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि समाज के हर वर्ग को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिले और किसी भी व्यक्ति को आर्थिक कारणों से इससे वंचित न रहना पड़े।

पंजाब की भाईचारे की संस्कृति का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब हमेशा से भाईचारे और सौहार्द की धरती रही है। यहां सभी धर्मों के लोग मिलकर त्योहार और धार्मिक आयोजन मनाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में नफरत फैलाने की कोशिश करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है।

मावां धीया सम्मान योजना को लेकर भी दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 अगस्त से मावां धीया सम्मान योजना के तहत करीब 40 लाख महिलाओं के मोबाइल फोन पर योजना की राशि पहुंचने का संदेश फिर से मिलना शुरू होगा। उन्होंने कहा कि सरकार जनता से प्राप्त कर राजस्व का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं पर कर रही है।

कार्यक्रम में कई नेता रहे मौजूद

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के प्रांतीय नेता दीपक बाली और मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

 

Related posts