7.4 तीव्रता के भूकंप से दहला मेक्सिको, दो बड़े झटकों के बाद सुनामी अलर्ट जारी, दहशत में घरों से भागे लोग

मेक्सिको सिटी: मेक्सिको के दक्षिणी राज्य चियापास के तट पर शुक्रवार को 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आने से व्यापक दहशत फैल गई। कुछ ही देर के अंतराल में आए दो तेज झटकों से इमारतें हिलने लगीं और लोग जान बचाने के लिए घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। भूकंप के बाद तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी भी जारी कर दी गई है।

भूकंप का केंद्र मेक्सिको के प्यूर्टो माडेरो शहर के पास जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था। कम गहराई पर आए इस भूकंप के कारण झटके काफी तेज महसूस किए गए। शुरुआती बड़े झटके के कुछ समय बाद 6.0 तीव्रता का एक और भूकंप दर्ज किया गया, जिससे आफ्टरशॉक की आशंका भी बढ़ गई है।

मध्य अमेरिका के कई देशों तक महसूस हुए झटके

भूकंप का असर केवल मेक्सिको तक सीमित नहीं रहा। इसके झटके पड़ोसी देशों ग्वाटेमाला और अल साल्वाडोर में भी महसूस किए गए। ग्वाटेमाला सिटी में कई इमारतों में कंपन महसूस होने के बाद लोगों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। वहीं, अल साल्वाडोर के कई इलाकों से भी भूकंप महसूस होने की जानकारी सामने आई।

सोशल मीडिया पर सामने आए डरावने दृश्य

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कई इमारतें तेज़ी से हिलती दिखाई दे रही हैं। कई जगहों पर अलमारियों और दीवारों से सामान गिरता नजर आया, जबकि लोग घबराकर इमारतों से बाहर निकलते दिखाई दिए। भूकंप के बाद प्रभावित क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सुनामी की चेतावनी के बाद प्रशासन अलर्ट

भूकंप के तुरंत बाद सुनामी चेतावनी प्रणाली ने प्रभावित तटीय इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया। मौसम विभाग के अनुसार मेक्सिको और ग्वाटेमाला के तटों पर समुद्र का जलस्तर 0.3 से 1 मीटर तक बढ़ सकता है। प्रशासन ने समुद्र तट के आसपास रहने वाले लोगों से तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

फिलहाल बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं

अब तक इस भूकंप में किसी के हताहत होने या बड़े पैमाने पर नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन लगातार स्थिति का आकलन कर रहा है। दक्षिणी मेक्सिको के ओक्साका राज्य के गवर्नर सैलोमन जारा ने बताया कि राज्य की राजधानी में भी झटके महसूस किए गए, लेकिन शुरुआती जानकारी के अनुसार किसी गंभीर नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

7.4 तीव्रता का भूकंप क्यों माना जाता है खतरनाक?

विशेषज्ञों के अनुसार 7.4 तीव्रता का भूकंप बड़े श्रेणी का माना जाता है। इस स्तर के भूकंप व्यापक क्षेत्र में भारी तबाही मचाने की क्षमता रखते हैं, विशेषकर तब जब उनका केंद्र जमीन की कम गहराई में हो। ऐसे मामलों में तेज झटकों के साथ आफ्टरशॉक और सुनामी का खतरा भी बढ़ जाता है।

 

Related posts