नई दिल्ली : दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड ने राजधानी को झकझोर कर रख दिया। हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव अभियान के दौरान लगभग 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।
हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना बेहद दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही कहा कि प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।
CM रेखा गुप्ता ने जताया गहरा दुख
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी इस दर्दनाक हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मालवीय नगर में हुई भीषण आग की घटना में जान-माल के नुकसान से वह अत्यंत व्यथित हैं। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सीएटीएस एंबुलेंस सेवा और अन्य आपातकालीन एजेंसियों को तुरंत सक्रिय कर दिया गया था। सभी विभागों ने समन्वय के साथ राहत एवं बचाव अभियान चलाया, जिसकी मदद से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित परिवारों को हर आवश्यक चिकित्सा सहायता तथा अन्य सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में सरकार पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ी है।
सुबह लगी आग, मौके पर पहुंचीं 10 दमकल गाड़ियां
जानकारी के अनुसार, मालवीय नगर स्थित ‘लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट’ में बुधवार सुबह करीब 8:50 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और आग पर काबू पाने के लिए 10 दमकल गाड़ियों समेत कई आपातकालीन वाहनों को मौके पर भेजा गया।
दमकल कर्मियों ने रेस्टोरेंट के बेसमेंट से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इसके अलावा कई अन्य लोगों को भी रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। फिलहाल वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में तलाशी और राहत अभियान जारी है।
धुएं के कारण बिगड़ी स्थिति, अस्पताल में चल रहा इलाज
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद पूरे रेस्टोरेंट में तेजी से धुआं भर गया, जिससे कई लोग बेहोश हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस कर्मियों ने प्रभावित लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
घायलों और बेहोश लोगों को उपचार के लिए मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और आग लगने की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
