लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बेमौसम आंधी, तेज बारिश और वज्रपात ने भारी तबाही मचा दी है। बीते 48 घंटों के दौरान प्रदेश में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी और तूफान के चलते 142 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम के इस कहर से सबसे ज्यादा प्रभावित पूर्वांचल और प्रयागराज मंडल रहे, जहां जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, वायुमंडल के निचले क्षोभमंडल में बनी चक्रवाती स्थिति और दक्षिण राजस्थान से आ रही पुरवा हवाओं के कारण प्रदेश में बेहद तेज आंधी चली। इसके साथ कई जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आईं।
सैकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे उखड़े
13 मई को चली तेज आंधी इतनी भयावह थी कि प्रदेशभर में सैकड़ों पेड़, बिजली के खंभे और साइन बोर्ड उखड़ गए। कई जिलों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जबकि सड़क यातायात भी बुरी तरह प्रभावित रहा। ग्रामीण इलाकों में कच्चे मकानों और फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, खराब मौसम, तूफान, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली की वजह से 26 जिलों से भारी जनहानि की सूचनाएं मिली हैं। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
CM योगी ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खराब मौसम से हुई जनहानि और नुकसान का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्रभावित परिवारों तक 24 घंटे के भीतर राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए हैं कि राजस्व विभाग, कृषि विभाग और बीमा कंपनियां संयुक्त रूप से नुकसान का सर्वेक्षण कर जल्द रिपोर्ट शासन को सौंपें, ताकि प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत दी जा सके।
राहत आयुक्त कार्यालय लगातार कर रहा निगरानी
राहत आयुक्त कार्यालय ने कहा है कि जिला प्रशासन के साथ सीधे समन्वय के जरिए स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रभावित जिलों को आवश्यक धनराशि भी उपलब्ध कराई जा रही है ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की दिक्कत न हो।
आज भी कई जिलों में खराब मौसम का अलर्ट
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
ललितपुर, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट और कौशांबी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दक्षिणी यूपी के कुछ हिस्सों में गर्म हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
