गौरक्षा से गृहस्थी तक… और बिट्टू भाई की बारात लौटी खाली हाथ!

शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

हरियाणा के फरीदाबाद से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें “शादी” का सपना “स्कैम” में बदल गया। स्व-घोषित गौरक्षक Bittu Bajrangi के साथ शादी के नाम पर धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है। आरोप है कि उनसे 30,000 रुपये ट्रांसफर करवाकर दुल्हन पक्ष गायब हो गया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी बंटी, रानी और अन्य सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कौन हैं बिट्टू बजरंगी?

बजरंगी फरीदाबाद के गाजीपुर और डबुआ बाजार में फल-सब्जी का कारोबार करते हैं। वह कई वर्षों से एक गौरक्षक ग्रुप चलाने का दावा करते रहे हैं।

उनका नाम 2023 में हरियाणा के Nuh में हुए सांप्रदायिक दंगों से भी जुड़ा रहा है। ऐसे में यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।

ऐसे शुरू हुई “शादी की कहानी”

शिकायत के मुताबिक, बजरंगी ने अपने जानकार बंटी से कहा था कि अगर कोई रिश्ता हो तो बताएं। बताया जाता है कि बंटी, उनके पड़ोसी का रिश्तेदार है।

बंटी ने रानी नाम की महिला से मुलाकात कराई। इसके बाद बजरंगी को तीन बार अलीगढ़ बुलाया गया, लेकिन उन्हें कोई रिश्ता पसंद नहीं आया।

फिर एक युवती की फोटो भेजी गई और यहीं से कहानी ने नया मोड़ लिया।

1.20 लाख की डील, 30,000 एडवांस

रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी के लिए 1.20 लाख रुपये में बात तय हुई। 6 फरवरी को होने वाली दुल्हन के कपड़े खरीदने के नाम पर 30,000 रुपये ट्रांसफर कराए गए।

7 फरवरी को बजरंगी सीमित लोगों के साथ बारात लेकर अलीगढ़ पहुंचे। लेकिन वहां न दुल्हन थी, न उसका परिवार। फोन स्विच ऑफ। शिकायत में बजरंगी ने कहा कि जब उन्होंने कथित दुल्हन को कॉल किया तो जवाब मिला “मुझे शादी के बारे में कुछ पता नहीं।”

और बारात… खाली हाथ लौट आई।

भारत में शादी के नाम पर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। डिजिटल ट्रांजैक्शन, सोशल मीडिया कनेक्शन और फर्जी पहचान यह नया “मैरिज फ्रॉड मॉडल” बनता जा रहा है।

यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति की ठगी नहीं, बल्कि उस सामाजिक कमजोरी की ओर इशारा करता है जहां शादी को “डील” में बदला जा रहा है।

गौरक्षा के मोर्चे से लेकर गृहस्थी के मोर्चे तक लड़ाई आसान नहीं होती। यह कहानी बताती है कि “वेरिफिकेशन” सिर्फ सोशल मीडिया पोस्ट पर नहीं, रिश्तों पर भी जरूरी है। जब शादी 1.20 लाख की डील बन जाए, तो सवाल उठता है क्या यह रिश्ता था या कॉन्ट्रैक्ट?

बजरंगी ने कहा कि वह खुद शादी नहीं करना चाहते थे, लेकिन अपने दिवंगत भाई की बेटी की बेहतर देखभाल के लिए तैयार हुए। परिवार में नई दुल्हन के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं। सजावट, उम्मीदें, रिश्तेदारों की मौजूदगी सब कुछ तैयार था।

अंत में जो बचा, वह सिर्फ सवाल और एफआईआर थी। फरीदाबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी पक्ष की तलाश की जा रही है।

क्या शादी अब भरोसे की जगह ट्रांजैक्शन बनती जा रही है? और क्या सोशल मीडिया की “फोटो” पर भरोसा करना सुरक्षित है? यह मामला भले ही एक व्यक्ति से जुड़ा हो, लेकिन इसका संदेश व्यापक है Verify before you Trust.

Gurgaon Crime: 3.5 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या

Related posts

Leave a Comment