गरौठा में कोतवाल ने बचाई किसान नेता की जान, हार्टअटैक के बाद CPR देकर पहुंचाया……….

झांसी की तहसील गरौठा से पुलिस की मानवीय पहल की तस्वीर सामने आई है। गरौठा कोतवाली में बैठे किसान नेता और समाजसेवी अब्बू महाराज को अचानक हार्टअटैक आ गया और वह जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रावेंद्र कुमार मिश्र ने तत्काल उन्हें संभाला और CPR के साथ कृत्रिम सांस देने की कोशिश की। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरौठा पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक समय पर दी गई प्राथमिक सहायता से उनकी हालत में सुधार हुआ।

दरअसल, गरौठा के समाजसेवी और किसान नेता अब्बू महाराज किसी काम के सिलसिले में गरौठा कोतवाली पहुंचे थे। वह कोतवाली परिसर में बैठे हुए थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़े।

हालात की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रावेंद्र कुमार मिश्र ने तत्काल मोर्चा संभाला। उन्होंने अब्बू महाराज को CPR दी और कृत्रिम सांस देने का प्रयास किया। कुछ ही देर में उनकी हालत में सुधार के संकेत दिखाई दिए।

इसके बाद पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरौठा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार किया।
परिजनों के मुताबिक, समय रहते मिली मदद से अब्बू महाराज की जान बच सकी। परिवार ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रावेंद्र कुमार मिश्र का आभार जताया।

इस पूरे मामले ने यह संदेश भी दिया कि पुलिस की भूमिका सिर्फ कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि आपात स्थिति में मानवीय मदद भी बेहद अहम हो सकती है।

Related posts