
दुबई… वह शहर जिसे अक्सर रेगिस्तान का हीरा कहा जाता है। लेकिन गुरुवार की सुबह इस चमकदार शहर के आसमान में कुछ पल के लिए धुआं तैर गया। डाउनटाउन इलाके में अचानक धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, और अल बदआ के ऊपर उठते छोटे-छोटे धुएं के बादल देखकर लोगों ने मोबाइल कैमरे ऑन कर दिए। कुछ मिनट बाद धुआं गायब हो गया, लेकिन सवाल हवा में तैरते रह गए क्या Middle East की जंग अब दुबई के दरवाजे तक पहुंच चुकी है?
दुबई में ‘ड्रोन अलर्ट’ ने बढ़ाया तनाव
दुबई सरकार के मीडिया कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि अल बदआ इलाके में एक “छोटी ड्रोन घटना” हुई। राहत की बात यह रही कि किसी के घायल होने की खबर नहीं आई।
लेकिन यह घटना ऐसे समय में हुई है जब मिडिल ईस्ट पहले ही बारूद के ढेर पर बैठा हुआ है। 28 फरवरी से शुरू हुए क्षेत्रीय संघर्ष के बाद ईरान और खाड़ी देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। दुबई में हुई यह घटना उसी तनाव की एक नई कड़ी मानी जा रही है।
समुद्र में जहाज पर हमला, खाड़ी में नई हलचल
दुबई के तट से ज्यादा दूर नहीं, फारस की खाड़ी में एक कंटेनर जहाज पर प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ। इससे जहाज पर छोटी आग लग गई।
ब्रिटेन की सैन्य निगरानी एजेंसी ने बताया कि जहाज का क्रू सुरक्षित है, लेकिन यह घटना साफ संकेत देती है कि समुद्री रास्ते भी अब सुरक्षित नहीं रहे।
वैश्विक व्यापार के लिए यह इलाका बेहद अहम है। यहां किसी भी तरह की अस्थिरता का मतलब है तेल, शिपिंग और वैश्विक बाजारों में हलचल।
बहरीन और कुवैत में भी ड्रोन का साया
खाड़ी क्षेत्र के दूसरे देशों में भी तनाव की खबरें आईं। बहरीन के मुहर्रक द्वीप पर ईरानी हमले के बाद बड़ी आग लगी। यहां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और तेल उद्योग से जुड़े टैंक मौजूद हैं। कुवैत में एक ड्रोन आवासीय इमारत से टकराया, जिसमें दो लोग घायल हो गए।
यह घटनाएं बताती हैं कि ड्रोन अब आधुनिक युद्ध का सबसे सस्ता और खतरनाक हथियार बन चुका है।

यूएई एयर डिफेंस हुआ सक्रिय
यूएई ने दुबई की सुरक्षा के लिए दो बार एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय किया। दुबई क्रीक हार्बर में एक टावर पर ड्रोन हमले के बाद लगी आग को तुरंत बुझा दिया गया। सऊदी अरब ने भी रियाद के डिप्लोमैटिक क्वार्टर और शायबाह ऑयल फील्ड की ओर बढ़ रहे ड्रोन को मार गिराया।
यह पूरा घटनाक्रम दिखाता है कि गल्फ का आसमान अब सिर्फ लक्ज़री जेट्स का नहीं, बल्कि युद्ध की भनभनाहट का भी हो गया है।
जंग की लपटें और ग्लोबल असर
अब तक इस क्षेत्रीय संघर्ष में 24 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 7 अमेरिकी सैनिक, 11 आम नागरिक शामिल हैं। दुबई जैसी हाई-प्रोफाइल सिटी में ड्रोन की एंट्री ने एक नया संदेश दिया है अगर Middle East का तनाव नहीं थमा, तो इसका असर सिर्फ युद्धक्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा।
दुनिया के सबसे सुरक्षित और ग्लैमरस शहरों में से एक दुबई भी अब “जियोपॉलिटिकल शतरंज” का हिस्सा बनता दिख रहा है।
दुबई की चमकदार स्काईलाइन अक्सर दुनिया को यह भरोसा देती है कि यहां सब कुछ नियंत्रण में है। लेकिन गुरुवार की सुबह ने याद दिला दिया कि जब जंग की आंधी चलती है, तो कांच की सबसे चमकीली इमारतें भी उसकी आहट सुन लेती हैं।
आगरा से जासूसी का जाल: नौसेना का जवान निकला ISI का पंटर
