पहले 9 करोड़ लोगों के लिए बंकर — मौत सामने थी, फिर भी नहीं छिपे खामेनेई

गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

मिडिल ईस्ट की जंग में मिसाइलें उड़ रही थीं, शहरों में सायरन बज रहे थे और खुफिया एजेंसियां लगातार चेतावनी दे रही थीं। उसी वक्त ईरान की सत्ता के सबसे ऊंचे पद पर बैठे शख्स के सामने भी एक विकल्प था—बंकर में छिप जाओ, जान बचाओ।

लेकिन Ali Khamenei ने यह रास्ता चुनने से इनकार कर दिया। उनके प्रतिनिधि ने जो कहानी सुनाई, वह राजनीति से ज्यादा एक प्रतीक बन गई—सत्ता, जिद और संदेश की कहानी।

“जब जनता के पास शेल्टर नहीं, तो मैं क्यों जाऊं?”

ईरानी सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने बताया कि हालात बेहद खतरनाक थे। अमेरिका और इजरायल की ओर से लगातार हमले हो रहे थे और खुफिया एजेंसियों ने साफ चेतावनी दी थी कि खामेनेई की जान को गंभीर खतरा है।

इसके बावजूद उन्होंने बंकर में जाने से साफ इनकार कर दिया।

उनका जवाब था, “जब ईरान के 9 करोड़ लोगों के पास शेल्टर नहीं हैं, तो मैं शेल्टर में कैसे रह सकता हूं?”

यह सिर्फ एक बयान नहीं था। यह उस नेता का सार्वजनिक संदेश था जो खुद को जनता के साथ खड़ा दिखाना चाहता था।

परिवार ने कहा विदेश चलिए… जवाब मिला “नहीं”

सूत्रों के मुताबिक परिवार और सहयोगियों ने कई बार उन्हें देश छोड़कर अस्थायी रूप से विदेश जाने की सलाह दी। लेकिन उन्होंने यह भी ठुकरा दिया।

यहां तक कि जब खुफिया अधिकारियों ने सुझाव दिया कि उनके घर के अंदर ही तहखाने में एक सुरक्षित बंकर बना दिया जाए, तब भी उन्होंने साफ कहा, “पहले देश के लोगों के लिए बंकर बना दो, फिर मेरे लिए बना लेना।”

हमले के बीच भी दफ्तर जाते रहे

जानकारी के अनुसार, खामेनेई ने अपने रोजमर्रा के काम भी बंद नहीं किए। मिसाइल हमलों और सुरक्षा चेतावनियों के बीच भी वे दफ्तर जाते रहे और सरकारी कामकाज करते रहे।

उनके करीबियों का कहना था कि वे बार-बार एक ही बात दोहराते थे, “मौत एक दिन सबको आनी है।”

28 फरवरी का हमला

मिडिल ईस्ट तनाव अपने चरम पर था जब 28 फरवरी 2026 को बड़ा हमला हुआ। अमेरिकी बमबारी में उनका दफ्तर निशाना बना। इस हमले में Ali Khamenei की मौत हो गई और कई अधिकारी भी मारे गए।

इसके बाद ईरान की सत्ता की कमान उनके बेटे Mojtaba Khamenei को सौंप दी गई।

जंग और राजनीति के बीच एक प्रतीक

अंतरराष्ट्रीय राजनीति में इस फैसले को लेकर अलग-अलग राय है। कुछ लोग इसे राजनीतिक संदेश बताते हैं, तो कुछ इसे व्यक्तिगत जिद।

इरान मामलों के जानकार अफसर हुसैन कहते हैं, “नेताओं के फैसले अक्सर सिर्फ सुरक्षा का सवाल नहीं होते, वे प्रतीक भी बन जाते हैं। खामेनेई का बंकर से इनकार उसी प्रतीक की राजनीति था।”

आख़िर संदेश क्या था?

मिडिल ईस्ट की राजनीति में प्रतीक बहुत मायने रखते हैं। जब एक नेता कहता है कि वह जनता की तरह जीएगा और मरेगा—तो वह अपने समर्थकों के लिए नायक बन जाता है और विरोधियों के लिए विवाद।

खामेनेई का फैसला भी शायद इसी श्रेणी में आता है।

सवाल सिर्फ इतना है क्या यह साहस था, जिद थी…या फिर इतिहास में दर्ज होने की एक कोशिश?

MCX पर सोना फिसला 1.60 लाख के नीचे, चांदी ढलान पर खरीद का मौका?

Related posts

Leave a Comment