यूपी विधान परिषद चुनाव में 54.58% मतदान, गोरखपुर-फैजाबाद में सबसे ज्यादा वोटिंग; आगरा के 3 बूथों पर आज फिर पड़ेंगे वोट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर हुए चुनाव में कुल 54.58 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में गोरखपुर-फैजाबाद सीट पर सबसे अधिक 79.32 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, आगरा में चुनाव के दौरान गड़बड़ी के आरोपों के बाद तीन मतदान केंद्रों पर 26 अक्टूबर को दोबारा मतदान कराया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने इन बूथों पर पुनर्मतदान की मंजूरी दे दी है।

खंड स्नातक सीटों पर कहां कितना हुआ मतदान?

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की पांच सीटों पर अलग-अलग मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया। लखनऊ में 39.83 प्रतिशत, मेरठ में 35.81 प्रतिशत, आगरा में 49.75 प्रतिशत, वाराणसी में 41.11 प्रतिशत और इलाहाबाद-झांसी में 41.40 प्रतिशत मतदान हुआ।

वहीं, खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान का प्रतिशत अपेक्षाकृत अधिक रहा। लखनऊ में 52.19 प्रतिशत, मेरठ में 57.64 प्रतिशत, आगरा में 59.82 प्रतिशत, वाराणसी में 69.87 प्रतिशत, बरेली-मुरादाबाद में 73.69 प्रतिशत और गोरखपुर-फैजाबाद में 79.32 प्रतिशत वोट पड़े। सभी 11 सीटों पर कुल मतदान 54.58 प्रतिशत रहा।

आगरा के तीन बूथों पर 26 अक्टूबर को पुनर्मतदान

आगरा में विधान परिषद चुनाव के दौरान कथित गड़बड़ी को लेकर विवाद सामने आया था। इसके बाद तीन मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया गया। रिटर्निंग अधिकारी ने पुनर्मतदान की संस्तुति भेजी थी, जिसे निर्वाचन आयोग ने स्वीकार कर लिया।

आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। मामले में आगरा के मंडलायुक्त को रविवार तक जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों और मतदानकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगी वोटिंग

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार, 23 अक्टूबर को हुए मतदान को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58ए(2)(ए) के तहत शून्य घोषित करते हुए तीनों बूथों पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया गया है।

पुनर्मतदान के लिए निर्धारित मतदान केंद्रों में मतदेय स्थल संख्या 20, तहसील परिसर खैरागढ़ के कक्ष संख्या एक, मतदेय स्थल संख्या 21, क्षेत्र पंचायत कार्यालय सैयां के कक्ष संख्या एक और मतदेय स्थल संख्या 26, क्षेत्र पंचायत कार्यालय फतेहाबाद के कक्ष संख्या एक शामिल हैं। इन तीनों केंद्रों पर 26 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा।

मुजफ्फरनगर में भाजपा-सपा कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत

विधान परिषद चुनाव के दौरान मुजफ्फरनगर में भाजपा और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। इस दौरान मंत्री कपिलदेव अग्रवाल और सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी के बीच तीखी नोकझोंक हुई। स्थिति को संभालने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को मतदान केंद्र से हटाना पड़ा।

बागपत के खेकड़ा में भाजपा जिलाध्यक्ष की सीओ से बहस

बागपत के खेकड़ा कस्बे में भी मतदान के दौरान विवाद की स्थिति बनी। शाम को मतदान केंद्र पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष की क्षेत्राधिकारी (सीओ) से तीखी बहस हो गई। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सीओ ने उन्हें धक्का देकर बाहर निकालने का प्रयास किया। घटना से नाराज भाजपा कार्यकर्ता मतदान केंद्र पर ही धरने पर बैठ गए।

Related posts