प्रयागराज: नई दिल्ली और वाराणसी के बीच प्रयागराज होकर चलने वाली प्रस्तावित दूसरी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के शुभारंभ की तैयारियां तेज हो गई हैं। संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 अक्टूबर को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं। हालांकि, कार्यक्रम की तारीख में बदलाव भी संभव है। रेलवे का लक्ष्य दिवाली तक यात्रियों को इस नई ट्रेन की सौगात देने का है। इसके लिए 16 कोच वाला अत्याधुनिक रैक तैयार है और ट्रायल की तैयारी की जा रही है।
नई दिल्ली-वाराणसी स्लीपर वंदे भारत के समय में बदलाव
नई दिल्ली और वाराणसी के बीच प्रस्तावित स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस की समय-सारणी में संशोधन किया गया है। पहले जारी प्रस्ताव के अनुसार, ट्रेन वाराणसी से रात 9:20 बजे रवाना होकर प्रयागराज रात 10:45 बजे और कानपुर रात 12:35 बजे पहुंचती। इसके बाद सुबह 5 बजे नई दिल्ली पहुंचने का कार्यक्रम था।
वापसी में भी ट्रेन नई दिल्ली से रात 9:20 बजे चलकर सुबह 5 बजे वाराणसी पहुंचने वाली थी। हालांकि, अब रेलवे की प्रस्तावित समय-सारणी में बदलाव किया गया है।
जानें नई प्रस्तावित समय-सारणी
नई समय-सारणी के मुताबिक, वाराणसी से ट्रेन रात 8:40 बजे रवाना होगी। इसके बाद रात 10:05 बजे प्रयागराज और रात 11:50 बजे कानपुर पहुंचेगी। यहां से आगे बढ़ते हुए ट्रेन सुबह 4:50 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
वापसी यात्रा में ट्रेन नई दिल्ली से रात 11:25 बजे रवाना होगी। इसके बाद तड़के 3:30 बजे कानपुर और सुबह 5:38 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। ट्रेन के वाराणसी पहुंचने का प्रस्तावित समय सुबह 7:35 बजे रखा गया है।
करीब 8 घंटे 10 मिनट में पूरा होगा सफर
नई दिल्ली और वाराणसी के बीच प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस से यात्रियों का सफर करीब 8 घंटे 10 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है। ट्रेन में कुल 823 बर्थ होंगी। इसमें थर्ड एसी के 11 कोच, सेकेंड एसी के चार कोच और फर्स्ट एसी का एक कोच शामिल रहेगा।
शुरुआत में 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार
रेलवे की योजना के अनुसार, ट्रेन का संचालन शुरुआत में 130 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति से किया जाएगा। बाद में इसकी गति बढ़ाकर 160 किलोमीटर प्रति घंटे करने की योजना है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस ट्रेन के संचालन से नई दिल्ली, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
पीएमओ की मंजूरी के बाद होगी आधिकारिक घोषणा
ट्रेन के शुभारंभ की तारीख को लेकर रेलवे बोर्ड की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री कार्यालय से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही कार्यक्रम की तारीख की पुष्टि होगी। फिलहाल रेलवे दिवाली तक इस ट्रेन को यात्रियों के लिए शुरू करने का लक्ष्य लेकर चल रहा है।
