कानपुर: उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम करवट लेने वाला है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पूर्वांचल में मध्यम से तेज बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। सोमवार को कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और बाकी दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। कानपुर समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, मौसम की ट्रफ लाइन कानपुर के आसपास हरदोई से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। रविवार को कानपुर एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सीएसए में 3.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।
बंगाल की खाड़ी के कम दबाव से बदला मौसम
बंगाल की खाड़ी में बने नए कम दबाव के क्षेत्र के कारण उड़ीसा, झारखंड और पूर्वी मध्य प्रदेश के बाद अब पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बादलों की आवाजाही बढ़ गई है। मौसम में यह बदलाव पांच सितंबर या इसके बाद तक जारी रह सकता है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने खास तौर पर कानपुर समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए चेतावनी जारी की है। सीएसए के मौसम कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा के मुताबिक, आने वाले दिनों में आसमान में घने बादल छाए रह सकते हैं और अगले पांच दिनों तक मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव रहेगा और उमस भी कभी अधिक तो कभी कम महसूस हो सकती है।
सितंबर के पहले पांच दिनों में अच्छी बारिश के आसार
सितंबर की शुरुआत भी बारिश के साथ होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, एक से पांच सितंबर के बीच करीब 100 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की जा सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं।
एक सितंबर को पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। ऐसे में खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने की जरूरत होगी।
कानपुर में कहीं तेज बारिश तो कहीं पड़ीं बौछारें
शनिवार से रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक कानपुर एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर 32.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बर्रा में 5.2 मिलीमीटर और सीएसए में 3.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।
रविवार शाम कानपुर में अचानक घने बादल छा गए। कुछ इलाकों में थोड़ी देर तेज बारिश हुई तो कहीं बौछारें पड़ीं। इसके बाद काफी समय तक आसमान में बादल छाए रहे। रविवार को अधिकतम तापमान 33.4 से 33.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि रात का तापमान 25.4 से 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में भी फिर शुरू हो सकता है बारिश का दौर
दिल्ली में सोमवार के बाद एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, राजधानी के अलग-अलग इलाकों में बारिश हो सकती है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। दिल्ली में भी मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।
