फिनलैंड: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर मोइसेस हेनरिक्स ने पुर्तगाल के लिए खेलते हुए टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना पहला शतक जड़ दिया। चेक रिपब्लिक के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर मुकाबले में हेनरिक्स ने महज 51 गेंदों पर 111 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में 12 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
टी-20 इंटरनेशनल में हेनरिक्स का पहला शतक
मोइसेस हेनरिक्स ने चेक रिपब्लिक के खिलाफ 217.64 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और महज 51 गेंदों में 111 रन बना दिए। हेनरिक्स की पारी के दम पर पुर्तगाल ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 211 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
हेनरिक्स का यह टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहला शतक है। वह इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की ओर से 11 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने कुल 135 रन बनाए थे और 3 विकेट भी हासिल किए थे। वह आईपीएल में भी अलग-अलग टीमों के लिए 62 मुकाबले खेल चुके हैं।
बारिश ने रोका चेक रिपब्लिक का पीछा
212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेक रिपब्लिक की शुरुआत बेहद खराब रही। बारिश के कारण खेल रुकने से पहले टीम ने 8.5 ओवर में सिर्फ 24 रन बनाए और उसके 5 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद डकवर्थ-लुईस-स्टर्न नियम के आधार पर पुर्तगाल को 91 रन से विजेता घोषित किया गया।
यह पुर्तगाल की टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत रही। टीम शानदार लय में चल रही है और अब उसकी नजर अगले मुकाबले पर है।
स्पेन के खिलाफ होगा अगला मुकाबला
पुर्तगाल का अगला मुकाबला 21 अगस्त को स्पेन से होगा। दोनों टीमें अपने ग्रुप में अब तक लगातार चार-चार मुकाबले जीत चुकी हैं। स्पेन ने अपने पिछले मैच में बुल्गारिया को 9 विकेट से हराया था।
पुर्तगाल और स्पेन के बीच होने वाला मुकाबला बेहद अहम है। इस मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम 2028 आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप के अगले क्वालीफायर दौर में जगह बनाएगी।
पुर्तगाल के कप्तान भी हैं हेनरिक्स
39 वर्षीय मोइसेस हेनरिक्स का जन्म पुर्तगाल में हुआ है। कुछ दिन पहले ही उन्हें पुर्तगाल की टी-20 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था। अब तक टूर्नामेंट में उन्होंने 3 पारियों में 178 रन बनाए हैं और वह टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
गेंदबाजी में भी पुर्तगाल का प्रदर्शन मजबूत रहा है। तेज गेंदबाज सेबेस्टियन क्रूज डी ओलिवेरा ने 4 मैचों में 9 विकेट लेकर टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया है।
