लखनऊ: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की मासिक समीक्षा बैठक मंगलवार को आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, उपाध्यक्ष अपर्णा यादव और उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
बैठक के दौरान आयोग के पदाधिकारियों द्वारा पिछले माह प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित महिला जनसुनवाई कार्यक्रमों और महिला संस्थानों के निरीक्षण की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा में वन स्टॉप सेंटर, महिला चिकित्सालय, महिला बंदीगृह तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों के निरीक्षण से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा हुई।
संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश
बैठक में निरीक्षण के दौरान सामने आए विभिन्न मामलों पर चर्चा करते हुए अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने आवश्यकतानुसार संबंधित विभागों को पत्र भेजने के निर्देश दिए। साथ ही महिला कल्याण से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
अगले माह के कार्यक्रमों पर भी हुआ विचार-विमर्श
समीक्षा बैठक में आगामी माह आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों और आयोग की प्रस्तावित गतिविधियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। महिला सुरक्षा, जनसुनवाई और संस्थागत निरीक्षण को और प्रभावी बनाने के लिए कई विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
सदस्य सचिव ने जताया आभार
बैठक के अंत में सदस्य सचिव रेणु तिवारी ने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, उपाध्यक्ष चारू चौधरी सहित आयोग की सदस्य हिमानी अग्रवाल, सुनीता श्रीवास्तव, पूनम द्विवेदी, अनीता गुप्ता, अनुपमा सिंह लोधी, गीता बिंद, गीता विश्वकर्मा, पुष्पा पाण्डेय, मीनाक्षी भराला, ऋतु शाही, एकता सिंह, प्रतिभा कुशवाहा, रेनू गौड़ तथा अन्य पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
