सहारनपुर: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 30 दिन का तदर्थ बोनस देने का फैसला किया है। इसके तहत सहारनपुर जिले के 12 हजार से अधिक सरकारी कर्मचारियों को अधिकतम 7 हजार रुपये तक का लाभ मिलेगा। बोनस की राशि कर्मचारियों के बैंक खातों में तभी भेजी जाएगी, जब संबंधित विभागों के अधिकारी कोषागार में भुगतान संबंधी बिल जमा कर देंगे।
80 से अधिक विभागों में 20 हजार से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी
सहारनपुर जिले में 80 से अधिक सरकारी विभागों में 20 हजार से ज्यादा अधिकारी और कर्मचारी कार्यरत हैं। हालांकि, शासनादेश में तय नियमों और पात्रता की शर्तों के मुताबिक इनमें से 12 हजार से अधिक कर्मचारी ही बोनस के लिए पात्र होंगे। प्रत्येक पात्र कर्मचारी को अधिकतम 7 हजार रुपये तक का बोनस दिया जाएगा।
प्रदेश सरकार का यह निर्णय राज्य कर्मचारियों के साथ सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, जिला पंचायतों, राजकीय विभागों के कार्य प्रभारित कर्मचारियों और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों पर भी लागू होगा।
बोनस बिल जमा होते ही खाते में पहुंचेगी रकम
कोषागार के अनुसार, जिन विभागों के बोनस बिल शनिवार को निर्धारित समय के भीतर जमा हो जाएंगे, उनके कर्मचारियों के बैंक खातों में उसी दिन भुगतान करा दिया जाएगा। इसके बाद जमा होने वाले बिलों का भुगतान आगे की प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। माना जा रहा है कि अधिकतर विभाग शनिवार को ही अपने बोनस बिल कोषागार में प्रस्तुत कर सकते हैं।
पात्र कर्मचारियों की सूची भेजने की जिम्मेदारी विभागों की
मुख्य कोषाधिकारी सूरज कुमार ने बताया कि शासनादेश के दायरे में आने वाले कर्मचारियों को निर्धारित दर के अनुसार बोनस दिया जाएगा। संबंधित विभाग के आहरण एवं वितरण अधिकारी की जिम्मेदारी होगी कि वे केवल उन्हीं कर्मचारियों की सूची कोषागार भेजें, जो शासनादेश में तय पात्रता की शर्तों को पूरा करते हैं।
