आगरा एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर: टायर फटते ही रेलिंग तोड़ 15 फीट नीचे गिरी बस, 3 यात्रियों की मौत; 53 लोग थे सवार

लखनऊ: आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट के पास सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। राजस्थान से बिहार जा रही एक निजी बस का अगला पहिया अचानक फट गया। इसके बाद तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर एलिवेटेड रोड की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 15 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में अब तक तीन यात्रियों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। बस में कुल 53 यात्री सवार थे। घायलों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं।

सुबह करीब 7:15 बजे हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, बस राजस्थान के रेवाड़ी से बिहार जा रही थी। सोमवार सुबह करीब सवा सात बजे आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट के पास बस का अगला दाहिना टायर फट गया। इसके चलते चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन रेलिंग तोड़कर एलिवेटेड रोड से नीचे गिर गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बस में सवार यात्रियों को चोटें आई हैं। कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

ट्रॉमा सेंटर और लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल

हादसे में गंभीर रूप से घायल 13 यात्रियों को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया था। इनमें बिहार के बेगूसराय निवासी 63 वर्षीय शंकर रजक की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनके पिता का नाम गंगा रजक बताया गया है। ट्रॉमा सेंटर में भर्ती बाकी 12 घायलों का उपचार जारी है।

वहीं, 35 घायलों को लोकबंधु अस्पताल भेजा गया था। इनमें से दो यात्रियों की मौत हो गई। इस तरह हादसे में अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है।

ट्रॉमा सेंटर में इन घायलों का चल रहा इलाज

ट्रॉमा सेंटर में भर्ती घायलों की सूची में शामिल नाम और विवरण इस प्रकार हैं:

  1. चांदनी, उम्र करीब 25 वर्ष, पत्नी शिवनाथ, निवासी शेखपुरा, थाना दशहरी, जिला वैशाली, बिहार।
  2. आरोही, उम्र करीब 2 वर्ष, पुत्री शिवनाथ, निवासी शेखपुरा, थाना दशहरी, जिला वैशाली, बिहार।
  3. संध्या, उम्र करीब 3 वर्ष, पुत्री शिवनाथ, निवासी शेखपुरा, थाना दशहरी, जिला वैशाली, बिहार।
  4. श्यामदेव, उम्र करीब 24 वर्ष, पुत्र उमेश कुमार, निवासी खुरैनपुर चौकी, थाना बृजमनगंज, जिला महाराजगंज।
  5. अभिषेक, उम्र करीब 26 वर्ष, पुत्र लालजी, निवासी कुकुरसड़ा, थाना मुबारकपुर, जिला आजमगढ़।
  6. बलविंदर, उम्र करीब 45 वर्ष, पुत्र किशोरी, निवासी गोपालगंज, बिहार।
  7. देवलाश, उम्र करीब 39 वर्ष, पुत्र धनकु, निवासी नौबरा देवरा, जयजीत कितवान, थाना महाराजगंज, जिला आजमगढ़।
  8. साहिल निषाद, उम्र करीब 19 वर्ष, पुत्र प्रेमसागर, निवासी भागलपुर, थाना मईल, जिला देवरिया।
  9. पप्पू, उम्र करीब 19 वर्ष, पुत्र महाराज तिवारी, निवासी चचाड़ीं, ओबरा, जिला औरंगाबाद, बिहार।
  10. जगदीश राम, उम्र करीब 47 वर्ष, पुत्र भारत राम, निवासी टेढ़ुआ, थाना बैकुंठपुर, जिला गोपालगंज, बिहार।
  11. रामविलास, उम्र करीब 50 वर्ष, पुत्र मुखलाल, निवासी मिश्रान पकड़ी, थाना कटिया, जिला छपरा, बिहार।
  12. योगी, पुत्र खेदन।

रेस्क्यू अभियान जारी, घायलों का इलाज जारी

हादसे की सूचना के बाद पुलिस और बचाव दलों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान चलाया। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया है। प्रशासन की ओर से राहत और उपचार की व्यवस्था की जा रही है। हादसे में घायल यात्रियों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Related posts